DEHRADUNUttarakhandUttarakhandउत्तराखंडमनोरंजनराज्य

केदारनाथ धाम को मिलेगी निर्बाध बिजली, 16 करोड़ की फीडर लाइन को मंजूरी

देहरादून: केदारनाथ धाम और चारधाम यात्रा मार्ग पर बिजली व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं भरोसेमंद बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। उत्तराखंड विद्युत नियामक आयोग (यूईआरसी) ने रुद्रप्रयाग से सोनप्रयाग तक लगभग 50 किलोमीटर लंबी 33 केवी एक्सप्रेस फीडर लाइन के निर्माण को मंजूरी दे दी है। करीब 16 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली यह परियोजना यात्रा सीजन के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ भविष्य में बढ़ती बिजली मांग को भी पूरा करेगी।

वर्तमान में सोनप्रयाग उपकेंद्र तक बिजली आपूर्ति श्रीनगर, रुद्रप्रयाग, तिलवाड़ा, अगस्त्यमुनि, ऊखीमठ और गुप्तकाशी जैसे कई उपकेंद्रों से होकर पहुंचती है। लंबा नेटवर्क होने के कारण अक्सर वोल्टेज ड्रॉप, लाइन लॉस और ट्रिपिंग जैसी समस्याएं सामने आती हैं, जिससे यात्रा मार्ग और आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित होती है।

नई एक्सप्रेस फीडर लाइन बनने के बाद बिजली सीधे रुद्रप्रयाग से सोनप्रयाग पहुंचेगी। इससे बीच के चार उपकेंद्र बायपास हो जाएंगे, जिससे बिजली आपूर्ति अधिक तेज, स्थिर और भरोसेमंद होगी। इसके अलावा वोल्टेज में सुधार होगा, लाइन लॉस कम होगा और आकस्मिक बिजली कटौती की घटनाओं में भी कमी आएगी।

यूईआरसी ने अपने आदेश में परियोजना की आवश्यकता और उपयोगिता को स्वीकार करते हुए इसे मंजूरी प्रदान की है। हालांकि आयोग ने यूपीसीएल द्वारा नियामकीय अनुमति मिलने से पहले ही टेंडर जारी करने पर नाराजगी भी जताई और भविष्य में निर्धारित नियामकीय प्रक्रिया का पूरी तरह पालन करने के निर्देश दिए हैं।

विशेषज्ञों के अनुसार यह परियोजना केवल वर्तमान चारधाम यात्रा के लिए ही नहीं, बल्कि आने वाले वर्षों में केदारनाथ क्षेत्र में बढ़ते पर्यटन, धार्मिक गतिविधियों और बुनियादी ढांचे की बिजली जरूरतों को पूरा करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इससे श्रद्धालुओं, स्थानीय निवासियों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों को बेहतर एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति का लाभ मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *