क्राइमदिल्ली

ड्रग तस्करों पर दिल्ली पुलिस का शिकंजा, 21 KG गांजा और स्मैक के साथ दो गिरफ्तार

पूर्वी दिल्ली में पुलिस की नारकोटिक्स स्क्वाड ने एक बड़े अंतरराज्यीय ड्रग सिंडिकेट का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 21 किलोग्राम 730 ग्राम गांजा और 46 ग्राम स्मैक बरामद की है। बरामद मादक पदार्थों की बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 12 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार इस पूरे मामले की जांच के लिए पूर्वी जिला नारकोटिक्स स्क्वाड की एक विशेष टीम गठित की गई थी। टीम लगातार स्थानीय मुखबिरों और खुफिया स्रोतों से जानकारी जुटा रही थी। इसी दौरान 11 और 12 मार्च की रात पुलिस को एक महत्वपूर्ण सूचना मिली कि दो ड्रग सप्लायर स्कूटी के माध्यम से बड़ी मात्रा में गांजा लेकर आने वाले हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने एनएच-24 स्थित खिचड़ीपुर बस स्टैंड के पास घेराबंदी कर निगरानी शुरू कर दी। कुछ ही देर बाद पुलिस को संदिग्ध स्कूटी दिखाई दी, जिस पर दो व्यक्ति सवार थे और उनके पास दो सफेद बैग थे। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों को रोककर हिरासत में ले लिया।

तलाशी के दौरान बैग से 21 किलो 730 ग्राम गांजा बरामद हुआ। वहीं आरोपियों में से एक फिरोज खान के पास से करीब 46 ग्राम स्मैक भी मिली। पुलिस ने दोनों आरोपियों अकबर और फिरोज खान को गिरफ्तार कर लिया है और उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह ड्रग सिंडिकेट किन-किन राज्यों तक फैला हुआ है और इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *