देहरादून के प्रेमनगर में बड़ा हादसा: तेज बरसाती बहाव में बही क्रेटा कार, दो की मौत, युवती घायल

देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में देर रात तेज बरसाती बहाव ने एक दर्दनाक हादसे को जन्म दे दिया। लोअर कंडोली, पौंधा रोड स्थित कंडोली पुल के पास तेज बहाव में एक क्रेटा कार (RJ 13 CE 5641) बह गई। वाहन में एक युवक और दो युवतियां सवार थीं।
सूचना मिलते ही SDRF की टीम डाकपत्थर से अपर उप निरीक्षक सुरेश तोमर के नेतृत्व में घटनास्थल पर पहुंची और तत्काल सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। रातभर खराब मौसम और तेज बहाव के बीच SDRF जवानों ने लगातार तलाशी अभियान चलाया।
🔹 एक युवती को घायल अवस्था में सुरक्षित बचाया गया।
सर्चिंग के दौरान घटनास्थल से करीब 2 किलोमीटर दूर सहज पुत्री गुलशन बवेजा को घायल अवस्था में रेस्क्यू किया गया। प्राथमिक कार्रवाई के बाद उसे पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
🔹 दो लोगों के शव बरामद
रेस्क्यू अभियान के दौरान वाहन में सवार अक्षय पुत्र मुकेश, उम्र 20 वर्ष, निवासी जयपुर, राजस्थान तथा एक अन्य युवती का शव बरामद किया गया। दोनों शवों को आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
⚠️ तेज बारिश और बरसाती नालों के बढ़ते बहाव के बीच सावधानी बेहद जरूरी है। नदी, नालों और तेज बहाव वाले पुलों के आसपास जाने से बचें और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।
