पूत बना कपूत: प्रॉपर्टी विवाद में मां की जान का दुश्मन बना बेटा, पत्नी संग मिलकर हथौड़े से किया हमला

देहरादून: क्लेमेनटाउन क्षेत्र में संपत्ति विवाद को लेकर एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि एक बेटे ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर अपनी बुजुर्ग मां के साथ मारपीट की और ताला तोड़ने के विवाद के दौरान उनके सिर पर हथौड़े से वार करने की कोशिश की। महिला ने खुद को बचाने के लिए सिर पर हाथ रख दिया, जिससे उनके हाथ में गंभीर चोट आई। घटना के दौरान घर में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी तोड़े जाने का आरोप है। मामले में पुलिस ने बेटे और उसकी पत्नी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पति की मौत के बाद सामने आया संपत्ति विवाद
पुलिस को दी गई शिकायत में सत्या राठौर ने बताया कि उनके पति का मई 2025 में निधन हो गया था। उनके दो बेटे मकान के अलग-अलग हिस्सों में रहते हैं। शिकायत के अनुसार, बड़े बेटे विश्वदीपक को उसके पिता ने जीवित रहते हुए घर से बेदखल कर दिया था। इसके बाद से ही परिवार में संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था।
महिला के अनुसार, 17 अगस्त 2025 को उनके बेटे विश्वदीपक और उसकी पत्नी ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की थी। इस मामले में उन्होंने क्लेमेनटाउन थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा भी दर्ज किया था।
तबीयत खराब होने पर भाई के घर गई थीं
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि 15 अप्रैल को अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई थी। इलाज के लिए वह अपने भाई के पास बादशाही बाग सफीपुर चली गई थीं। कुछ समय बाद जब वह 31 अगस्त को वापस अपने घर पहुंचीं, तो उन्होंने देखा कि उनके बेटे और बहू ने कथित तौर पर उनके घर के ताले तोड़कर अपने ताले लगा दिए थे।
इसकी जानकारी उन्होंने क्लेमेनटाउन पुलिस को दी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराने का प्रयास किया और महिला को घर भेज दिया।
ताला तोड़ने के दौरान हथौड़े से हमला करने का आरोप
शिकायत के मुताबिक, 3 सितंबर को जब महिला अपने घर का ताला तोड़ने लगीं, तभी उनके बेटे ने कथित तौर पर हथौड़े से उनके सिर पर वार कर दिया। अचानक हुए हमले से बचने के लिए महिला ने अपने हाथ को सिर के आगे कर लिया। हथौड़ा उनके हाथ पर लगा, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई।
महिला का आरोप है कि इस दौरान उनके बेटे और बहू ने उनके साथ मारपीट और अभद्रता भी की।
सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ने का आरोप
पीड़िता ने पुलिस को यह भी बताया कि घर में सुरक्षा के लिए लगाए गए सीसीटीवी कैमरों को भी कथित तौर पर तोड़ दिया गया। इससे घटना के दौरान की रिकॉर्डिंग प्रभावित होने की बात सामने आई है। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य साक्ष्यों और घटनाक्रम की जांच कर रही है।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
क्लेमेनटाउन थानाध्यक्ष लोकपाल परमार ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर बेटे और उसकी पत्नी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपों की पुष्टि के लिए उपलब्ध साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है।
