देहरादून कोर्ट को उड़ाने की धमकी से हड़कंप, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

देहरादून में जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया। जिला जज कार्यालय को धमकी भरा ई-मेल प्राप्त होते ही प्रशासन और पुलिस महकमा सतर्क हो गया। सूचना मिलते ही एसएसपी सिटी प्रमेंद्र डोबाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था संभाली। एहतियातन सभी न्यायाधीशों, अधिवक्ताओं और कर्मचारियों को कोर्ट परिसर से बाहर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया, जबकि पूरे परिसर को खाली करा दिया गया।
बुधवार को दून जिला न्यायालय को मिली इस धमकी के पीछे शुरुआती जांच में पाकिस्तानी संगठन से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। खबर फैलते ही न्यायालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सुरक्षा के मद्देनज़र चारों ओर बैरिकेडिंग कर दी गई और किसी भी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश पर रोक लगा दी गई।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनमोहन कंडवाल ने बताया कि जिला जज कार्यालय को ई-मेल के माध्यम से धमकी मिली है, जिसके बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर जांच में जुट गईं। बम निरोधक दस्ते और खुफिया एजेंसियों द्वारा पूरे परिसर की सघन तलाशी ली जा रही है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी प्रदेश के कई जिलों—हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, टिहरी और नैनीताल—के जिला न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं। हालांकि अब तक की जांच में कहीं से भी कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक बरामद नहीं हुआ है। बावजूद इसके, हर बार धमकी के बाद न्यायालय परिसरों में अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।
पुलिस और खुफिया एजेंसियां इन धमकियों को असामाजिक तत्वों की शरारत के तौर पर भी देख रही हैं। फिलहाल एहतियात बरतते हुए सभी मामलों की गहन जांच शुरू कर दी गई है। सोमवार को उत्तरकाशी और नैनीताल न्यायालय को धमकी मिलने के बाद बुधवार को देहरादून न्यायालय को धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं।
