देहरादून: घंटाघर के पास फोटो लेमिनेशन की दुकान में भीषण आग, इलाके में मची अफरा-तफरी

देहरादून के व्यस्त चकराता रोड स्थित घंटाघर के पास शुक्रवार सुबह एक फोटो लेमिनेशन की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान से उठती तेज लपटें व काले धुएं का घना गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा। घटना के बाद आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगते ही लोगों ने तुरंत दमकल विभाग और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और फायर कर्मियों ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया। लगातार पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया, जिससे आग आसपास की अन्य दुकानों तक न फैल सके।
घटना के दौरान एहतियात के तौर पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षेत्र को सुरक्षित कराया और लोगों की आवाजाही को नियंत्रित किया। व्यस्त बाजार होने के कारण कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। दमकल विभाग और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि दुकान में रखे सामान को भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।
