देहरादून में एयर होस्टेस छात्रा को तेजाब हमले की धमकी, CRPF जवान की बेटी को बना रहा था मिलने का दबाव

देहरादून। राजधानी देहरादून में एयर होस्टेस की पढ़ाई कर रही सीआरपीएफ जवान की बेटी को तेजाब से हमला करने की धमकी मिलने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की मां की शिकायत पर राजपुर थाना पुलिस ने उत्तर प्रदेश के बिजनौर निवासी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता राजपुर रोड स्थित एक निजी एकेडमी में एयर होस्टेस का कोर्स कर रही है और पढ़ाई के दौरान हॉस्टल में रह रही है। उसके पिता वर्तमान में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) में तैनात हैं और श्रीनगर के अतिसंवेदनशील क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। परिवार की देखभाल उसकी मां कर रही हैं।
शिकायत में बताया गया है कि प्रफुल्ल कुमार, निवासी ग्राम शमीपुर, नजीबाबाद, जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश), लगातार युवती को फोन कर उससे मिलने का दबाव बना रहा था। जब युवती ने मिलने से साफ इनकार कर दिया, तो आरोपित ने कथित तौर पर उसे अपहरण करने, जान से मारने और तेजाब से हमला करने की धमकियां देना शुरू कर दिया।
परिजनों का कहना है कि लगातार मिल रही धमकियों के कारण युवती बेहद डरी हुई है और मानसिक तनाव से गुजर रही है। इसके बाद उसकी मां ने पूरे मामले की शिकायत राजपुर थाने में दर्ज कराई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है और कॉल डिटेल समेत अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो आरोपी के खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर चिंता पैदा करती है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि इस तरह की किसी भी धमकी या उत्पीड़न की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
