देहरादून में गैस संकट से हाहाकार, दो दिन का बैकलॉग; कमर्शियल सिलेंडरों की आपूर्ति रोकी गई

राजधानी देहरादून में रसोई गैस की आपूर्ति प्रभावित होने से संकट की स्थिति पैदा हो गई है। सप्लाई में आई रुकावट के कारण शहर में करीब दो दिन का बैकलॉग हो गया है, जिससे उपभोक्ताओं को सिलिंडर मिलने में देरी का सामना करना पड़ रहा है। हालात को देखते हुए फिलहाल कमर्शियल गैस सिलिंडरों की सामान्य आपूर्ति पर अस्थायी रोक लगा दी गई है।
बताया जा रहा है कि गैस बुकिंग के लिए जारी नंबर भी ठीक से काम नहीं कर रहा है, जिसके कारण लोगों को अतिरिक्त परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई उपभोक्ताओं को सिलिंडर की डिलीवरी के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है।
गैस एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि कमर्शियल सिलिंडरों की आपूर्ति फिलहाल केवल आवश्यक सेवाओं तक सीमित रखी जाए। इसके तहत शहर के अस्पतालों और शिक्षण संस्थानों को ही प्राथमिकता के आधार पर गैस सिलिंडर उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि जरूरी सेवाएं प्रभावित न हों।
वहीं दूसरी ओर, होटल, ढाबों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को फिलहाल कमर्शियल गैस सिलिंडर नहीं मिल पाएंगे। इससे कारोबारियों की चिंता बढ़ गई है और उन्हें अपने कामकाज पर असर पड़ने का डर सता रहा है।
गैस एजेंसी से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि सप्लाई व्यवस्था को सामान्य बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। बैकलॉग खत्म होने के बाद जल्द ही गैस की नियमित आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
उधर, जिला पूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल ने लोगों से संयम बनाए रखने और अनावश्यक गैस बुकिंग से बचने की अपील की है। उनका कहना है कि विभाग अगले दो दिनों में बैकलॉग खत्म कर स्थिति को सामान्य करने की कोशिश कर रहा है।
