DEHRADUNFRAUDUttarakhandUttarakhandउत्तराखंडक्राइमब्रेकिंगराज्य

देहरादून में नौकरी के नाम पर बड़ा फर्जीवाड़ा, विधानसभा में भर्ती का झांसा देकर 7.38 लाख की ठगी

देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा में नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 7.38 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक दंपती ने सुनियोजित तरीके से खुद को विधानसभा से जुड़ा बताकर पीड़ित का विश्वास जीता और नौकरी का लालच देकर लाखों रुपये ऐंठ लिए। शिकायत मिलने के बाद रायपुर थाना पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

विधानसभा में पीए की नौकरी दिलाने का दिया लालच

रायपुर थाना क्षेत्र के मंदाकिनी विहार, सहस्त्रधारा रोड निवासी मुकेश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी मुलाकात कुछ समय पहले सचिवालय के पास मोहम्मद आरिफ से हुई थी। बातचीत के दौरान आरिफ ने खुद को उत्तराखंड विधानसभा की निदेशक अंकिता सिंह का ड्राइवर बताया और दावा किया कि उसकी विधानसभा में अच्छी पहुंच है।

आरिफ ने मुकेश से कहा कि निदेशक का निजी सहायक (पीए) जल्द ही सेवानिवृत्त होने वाला है और वह अपनी पहचान के दम पर उसे इस पद पर नौकरी दिला सकता है।

नौकरी के नाम पर वसूले लाखों रुपये

पीड़ित के अनुसार, आरोपित ने नौकरी लगवाने के नाम पर 6 लाख रुपये और जरूरी दस्तावेजों की प्रतियां मांगीं। उसने भरोसा दिलाया कि 6 जनवरी तक नियुक्ति हो जाएगी। लेकिन तय तारीख से एक दिन पहले, 5 जनवरी से ही आरोपित ने फोन उठाना बंद कर दिया। इसके बाद पीड़ित को अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ।

पत्नी बनी ‘फर्जी निदेशक’, फोन पर करती थी बातचीत

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि ठगी को विश्वसनीय बनाने के लिए आरिफ ने अपनी पत्नी को ही ‘अंकिता सिंह’ बनाकर पेश किया। वह फोन पर खुद को विधानसभा की निदेशक बताकर नौकरी से संबंधित बातचीत करती थी, जिससे पीड़ित को विश्वास हो गया कि पूरी प्रक्रिया वास्तविक है।

कार्यक्रम के नाम पर भी ऐंठे 1.38 लाख रुपये

आरोपित ने पीड़ित को यह भी बताया कि विधानसभा या सचिवालय में नई नियुक्ति होने पर एक स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया जाता है, जिसमें सचिव, मंत्री और अन्य अधिकारी शामिल होते हैं। उसने कहा कि विधानसभा की कैंटीन से जुड़े अनुराग नाम के व्यक्ति के माध्यम से इस कार्यक्रम की व्यवस्था कराई जाएगी। इसी बहाने आरोपित ने 1.38 लाख रुपये अतिरिक्त ले लिए।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

पीड़ित की शिकायत के आधार पर रायपुर थाना पुलिस ने आरोपित पति-पत्नी के खिलाफ धोखाधड़ी समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं आरोपितों ने इसी तरह अन्य लोगों को भी नौकरी का झांसा देकर ठगी तो नहीं की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *