देहरादून में बड़ा सड़क हादसा: बेकाबू सिटी बस ने 5 श्रमिकों को कुचला, चालक को मिर्गी का दौरा पड़ने की आशंका

देहरादून। राजधानी देहरादून के लालपुल चौक पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक अनियंत्रित सिटी बस ने सड़क किनारे खड़े पांच श्रमिकों को कुचल दिया, जिससे सभी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल उपचार के लिए श्री महंत इंदिरेश अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सिटी बस सवारियों को लेकर लालपुल चौक से सहारनपुर चौक की ओर जा रही थी। इसी दौरान अचानक बस चालक का वाहन पर नियंत्रण बिगड़ गया और बस सड़क किनारे खड़े श्रमिकों पर चढ़ गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस चालक को वाहन चलाते समय अचानक मिर्गी का दौरा पड़ गया था, जिसके कारण वह बस पर नियंत्रण नहीं रख सका। नियंत्रण खोते ही बस सीधे श्रमिकों को रौंदते हुए आगे बढ़ गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
