नीट परीक्षा में दून पुलिस की मुस्तैदी, एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने खुद संभाली सुरक्षा व्यवस्था

देहरादून। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) रविवार को देहरादून में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और शांतिपूर्ण माहौल के बीच सफलतापूर्वक संपन्न हुई। परीक्षा की निष्पक्षता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दून पुलिस पूरे दिन मुस्तैद रही। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल ने स्वयं विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जनपद के 16 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित इस महत्वपूर्ण परीक्षा में हजारों अभ्यर्थियों ने भाग लिया। परीक्षा शुरू होने से पहले सभी अभ्यर्थियों की सघन जांच की गई। एडमिट कार्ड, पहचान पत्र और निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार जांच के बाद ही परीक्षार्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश की अनुमति दी गई।
परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पर्याप्त पुलिस बल, यातायात पुलिस और खुफिया इकाइयों को तैनात किया गया था। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, नकल या संदिग्ध गतिविधि को रोकने के लिए पुलिस लगातार निगरानी करती रही। परीक्षा केंद्रों के आसपास भीड़भाड़ और जाम की स्थिति न बने, इसके लिए विशेष यातायात प्रबंधन योजना लागू की गई।
एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने बताया कि परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना पुलिस की प्राथमिकता थी। उन्होंने कहा कि सभी केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे और पुलिस अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए थे।
परीक्षा समाप्त होने के बाद अधिकांश अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों ने पुलिस एवं प्रशासन की व्यवस्थाओं की सराहना की। पूरे जिले में परीक्षा के दौरान किसी भी अप्रिय घटना, सुरक्षा उल्लंघन या अव्यवस्था की सूचना नहीं मिली, जिससे प्रशासन ने राहत की सांस ली।
