दुनिया

पाकिस्तान दहला: इस्लामाबाद के समीप मस्जिद में धमाका, 15 मृत, 80 से ज्यादा जख्मी

पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में शुक्रवार को जुमे की नमाज़ के दौरान एक शिया मस्जिद को निशाना बनाकर बड़ा हमला किया गया। तरलाई इलाके स्थित इमाम बारगाह खदीजत-उल-कुबरा में हुए भीषण विस्फोट से पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। इस हमले में अब तक 15 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 80 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं।

पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, धमाका मस्जिद के गेट के पास हुआ। बताया जा रहा है कि फितना अल-ख्वारिज से जुड़े एक हमलावर को सुरक्षा के दौरान रोका गया, जिसके बाद उसने खुद को विस्फोट से उड़ा लिया। चूंकि यह शिया इमाम बारगाह है, इसलिए हमले के बाद सांप्रदायिक तनाव की आशंका को देखते हुए पूरे शहर में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही सुरक्षा बलों ने इलाके को घेर लिया और पुलिस व रेस्क्यू टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। धमाके के बाद शहर में इमरजेंसी जैसे हालात बन गए।

इस्लामाबाद कैपिटल टेरिटरी पुलिस के प्रवक्ता तकी जवाद ने कहा कि फिलहाल धमाके की प्रकृति को लेकर किसी नतीजे पर पहुंचना जल्दबाज़ी होगी। फोरेंसिक जांच के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि यह आत्मघाती हमला था या फिर पहले से लगाया गया बम।

हमले के बाद सामने आए वीडियो में इमाम बारगाह के भीतर और आसपास घायल लोगों को ज़मीन पर पड़े देखा जा सकता है, जबकि कई लोग एक-दूसरे की मदद करते नजर आ रहे हैं। यह घटना ऐसे समय पर हुई है जब उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव पाकिस्तान की दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल भी खड़े हो रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *