भराड़ीसैंण विधानसभा में गरमाया माहौल, सरकार ने पेश किया चार साल का रोडमैप, विपक्ष ने जताया विरोध

भराड़ीसैंण की शांत वादियों में आयोजित पांच दिवसीय विधानसभा सत्र के दौरान जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। इस दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस भी देखने को मिली। सरकार ने जहां सदन में अपनी चार साल की उपलब्धियों और आगामी योजनाओं का रोडमैप प्रस्तुत किया, वहीं विपक्ष ने भ्रष्टाचार, खनन, स्वास्थ्य और किसानों से जुड़े मुद्दों को उठाकर सरकार को घेरने की कोशिश की।
शुक्रवार को भोजनावकाश के बाद सदन में बजट पर चर्चा शुरू हुई, जिसमें सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों के विधायकों ने अपनी-अपनी बात रखी। सत्र के पांचवें दिन कई अहम मुद्दों को लेकर सदन का माहौल काफी गरम रहा। सरकार ने पहले ही सत्र की अवधि पांच दिन तय की थी, लेकिन विपक्ष लगातार इसकी अवधि बढ़ाने की मांग करता रहा और सरकार पर सदन को सही तरीके से न चलाने के आरोप लगाता रहा।
इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार विपक्ष के हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार है और जरूरत पड़ने पर सत्र को सोमवार तक भी बढ़ाने से पीछे नहीं हटेगी। आमतौर पर विपक्ष के वॉकआउट के बाद बजट ध्वनिमत से पारित किया जाता रहा है, लेकिन इस बार विपक्ष सदन में मौजूद रहा। वहीं सरकार ने भी विपक्ष की मंशा को देखते हुए बजट पर विस्तृत चर्चा का पूरा अवसर दिया।
