महाराष्ट्र

भावुक पल: सुनेत्रा पवार ने शपथ लेकर रचा इतिहास, बनीं पहली महिला डिप्टी सीएम

महाराष्ट्र की राजनीति में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम के तहत दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार ने शनिवार को मुंबई स्थित लोक भवन में आयोजित संक्षिप्त समारोह में उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण की। इसके साथ ही वह राज्य की पहली महिला उपमुख्यमंत्री बन गईं।

शपथ ग्रहण से पहले राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की विधायक दल बैठक विधानभवन में आयोजित की गई, जिसमें सुनेत्रा पवार को सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुना गया। पदभार संभालने से पहले उन्होंने अपनी राज्यसभा सदस्यता से इस्तीफा भी दे दिया।

उन्हें राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस मौके पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, मंत्रिमंडल के सदस्य, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रफुल पटेल, प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे और परिवार के सदस्य मौजूद रहे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सुनेत्रा पवार को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वह राज्य के लोगों के हित में सक्रिय भूमिका निभाएंगी और पूर्व उपमुख्यमंत्री के विजन को आगे बढ़ाएंगी।

विधायक दल की बैठक उसी कक्ष में हुई जहां अजित पवार लंबे समय से बैठते रहे थे। वहां उनकी तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित की गई, जिससे कई विधायक भावुक नजर आए। बैठक के दौरान पार्टी नेतृत्व की अतिरिक्त जिम्मेदारियां भी सुनेत्रा पवार को सौंपे जाने की घोषणा की गई, जिससे संगठन से जुड़े प्रमुख निर्णयों का अधिकार अब उनके पास रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *