उत्तराखंड

मकर संक्रांति के पावन अवसर पर ऋषिकेश में गंगा तट पर दिखी गहरी आस्था

ऋषिकेश। मकर संक्रांति के पावन पर्व पर बुधवार को ऋषिकेश के गंगा घाटों पर श्रद्धा और आस्था का अभूतपूर्व नज़ारा देखने को मिला। तड़के ब्रह्म मुहूर्त से ही श्रद्धालु त्रिवेणी घाट सहित विभिन्न घाटों पर पहुंचे और गंगा स्नान कर पुण्य अर्जित किया। गंगा में आस्था की डुबकी लगाने का क्रम दिनभर जारी रहा।

स्नान के उपरांत श्रद्धालुओं ने दान-पुण्य किया और भगवान सूर्य की उपासना की। सूर्य देव के उत्तरायण होने के साथ ही शुभ कार्यों की शुरुआत भी मानी जाती है। धार्मिक मान्यता के अनुसार मकर संक्रांति के दिन सूर्य देव अपने पुत्र शनि की राशि मकर में प्रवेश करते हैं, जिससे इस पर्व का विशेष महत्व बढ़ जाता है।

सनातन परंपरा में मकर संक्रांति पर गंगा स्नान को अत्यंत फलदायी माना गया है। मान्यता है कि इस दिन गंगा या किसी पवित्र नदी में स्नान करने से व्यक्ति के जन्म-जन्मांतर के पाप नष्ट हो जाते हैं। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती चली गई और पूरे क्षेत्र में धार्मिक उल्लास का माहौल बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *