DEHRADUNUttarakhandUttarakhandउत्तराखंडक्राइमदुनियाब्रेकिंग

मसूरी पालिका और एसडीएम कार्यालय को बम धमकी वाला ई-मेल, अमित शाह और सीएम धामी भी निशाने पर; सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

मसूरी/देहरादून। उत्तराखंड के मसूरी में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब नगर पालिका परिषद मसूरी और एसडीएम मसूरी के आधिकारिक ई-मेल आईडी पर एक धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ। ई-मेल में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई सरकारी प्रतिष्ठानों, धार्मिक स्थलों और रेलवे परिसंपत्तियों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, धमकी भरे ई-मेल में देहरादून से दिल्ली तक विभिन्न सरकारी कार्यालयों, हरिद्वार, ऋषिकेश, केदारनाथ धाम, बदरीनाथ धाम, रेलवे स्टेशनों और रेलवे ट्रैक को निशाना बनाने की बात कही गई है। संदेश में कुछ स्थानों के साथ संभावित समय और तिथियों का भी उल्लेख किया गया है।

ई-मेल में खालिस्तान का जिक्र करते हुए कई आपत्तिजनक टिप्पणियां भी लिखी गई हैं। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन, खुफिया एजेंसियां और साइबर सेल सक्रिय हो गई हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए संवेदनशील और महत्वपूर्ण स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

पुलिस ई-मेल की सत्यता की जांच कर रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदेश भेजने वाले व्यक्ति या समूह की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। साइबर विशेषज्ञ ई-मेल के स्रोत और आईपी एड्रेस की पड़ताल में जुटे हुए हैं।

देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। सभी संबंधित एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया है और सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा कोई भी संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।

फिलहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच में जुटी हुई हैं तथा धमकी भेजने वाले तक पहुंचने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *