दिल्ली

मोतिहारी में सेवा शिविर में गए युवक की चाकू मारकर हत्या, 10 दिन पहले ही दिल्ली से आया था घर

मोतिहारी के छतौनी थाना क्षेत्र में एक निजी अस्पताल के पास राजन कुमार नामक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है और प्रारंभिक जांच में इसे पुराने विवाद का परिणाम बताया जा रहा है।

छतौनी थानाक्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल के पास बुधवार की रात चाकू मारकर एक युवक की हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे पुराना विवाद कारण बताया जा रहा है। 

पुलिस ने मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है। अन्य की खोज की जा रही है। हत्यारों की चाकू का शिकार हुआ युवक राजन कुमार छतौनी के बड़ा बरियारपुर निवासी विजय सहनी के पुत्र थे। विजय पूरे परिवार के साथ दिल्ली रहते हैं। वहीं पर काम कर परिवार चलाते हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार राजन 10 दिन पहले ही दिल्ली से मोतिहारी आए थे।

सेवा करने के लिए निकले थे घर से

स्थानीय लोगों के अनुसार बुधवार को शहर में लगे सेवा शिविर में राजन भी सेवा करने के लिए पहुंचे थे। इसी बीच छतौनी थानाक्षेत्र के एक पुराने निजी अस्पताल के पास कुछ लोगों ने हमला बोल दिया। चाकू सीने के पास लगी। इस कारण से तत्काल हालत गंभीर हो गई। छतौनी थाना के पुलिस निरीक्षक अमित कुमार सिंह ने बताया कि पुराना रहमानिया के पास राजन को चाकू मार कर घायल किया था। कुछ ही देर बाद उनकी मृत्यु हो गई। घटना की जांच की जा रही है। चाकू मारनेवालों की पहचान कर ली गई है। सबकी गिरफ्तारी शीघ्र कर ली जाएगी।

हत्याकांड में एक आरोपित को गिरफ्तार किया गया है। उससे पूछताछ चल रही है। सभी हमलावरों की पहचान कर ली गई है। पुलिस की टीम छापेमारी कर रही हैष शीघ्र सभी की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।- स्वर्ण प्रभात- पुलिस अधीक्षक, पूर्वी चंपारण।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *