विकासनगर में भीषण अग्निकांड: बिजली की तार टूटने से आवासीय छानी जलकर राख, भैंस-गाय और बकरियां जिंदा जलीं

विकासनगर (देहरादून): देहरादून जिले के विकासनगर क्षेत्र की कालसी तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत भंजरा के पजौठा गांव में मंगलवार रात भीषण आग लगने से एक आवासीय छानी पूरी तरह जलकर राख हो गई। इस दर्दनाक हादसे में किसान भोपालू पुत्र काडिया के कई मवेशी, जिनमें भैंस, गाय और बकरियां शामिल थीं, आग की चपेट में आकर जिंदा जल गईं। घटना से किसान को लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भोपालू की मसोटी खड़ा स्थित आवासीय छानी में देर रात अचानक आग भड़क उठी। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण छानी के ऊपर से गुजर रही बिजली की तारों का टूटना बताया जा रहा है। तार टूटने से निकली चिंगारियों ने देखते ही देखते पूरी छानी को अपनी चपेट में ले लिया और आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
स्थानीय ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी तेजी से फैली कि छानी और उसमें बंधे मवेशियों को बचाया नहीं जा सका। इस अग्निकांड में किसान भोपालू और दौलतु को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित परिवार को शीघ्र आर्थिक सहायता और मुआवजा देने की मांग की है। साथ ही क्षेत्र में जर्जर बिजली लाइनों की मरम्मत कराने की भी मांग उठाई गई है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
