DEHRADUNउत्तराखंड

हत्याकांड के आरोपी पर पुलिस की सख्त नजर, एंजेल चकमा मामले में बॉर्डर अलर्ट

त्रिपुरा के छात्र एंजेल चकमा हत्याकांड के मुख्य आरोपी यज्ञ राज अवस्थी को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार आरोपी से जुड़े अहम सुराग हाथ लगे हैं और टीमें उसके बेहद नजदीक पहुंच चुकी हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि अगले 48 घंटों के भीतर उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

नेपाल निवासी यज्ञ राज अवस्थी की तलाश में पुलिस की विशेष टीमें भारत–नेपाल सीमा से लगे इलाकों में तैनात हैं। सूत्रों का कहना है कि आरोपी की संभावित लोकेशन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी मिली है, जिसके आधार पर दबिश दी जा रही है। एसएसपी अजय सिंह के निर्देश पर गठित विशेष जांच टीम (एसआईटी) तकनीकी विश्लेषण के साथ-साथ मुखबिर तंत्र की मदद से जांच को आगे बढ़ा रही है।

आरोपी के नेपाल फरार होने की आशंका को देखते हुए सीमावर्ती जिलों और चेक पोस्टों पर अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि पुलिस को यह भी संदेह है कि बढ़ती सख्ती के चलते आरोपी देश के भीतर ही किसी बॉर्डर एरिया में छिपा हो सकता है।

पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए घोषित इनाम की राशि बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दी है, ताकि आम लोगों से भी ठोस जानकारी मिल सके। एसपी विकासनगर के नेतृत्व में गठित एसआईटी आरोपी के करीबी लोगों और संभावित मददगारों की गतिविधियों पर भी नजर बनाए हुए है।

गौरतलब है कि 9 दिसंबर को सेलाकुई क्षेत्र में हुए एक मामूली विवाद के बाद त्रिपुरा निवासी छात्र एंजेल चकमा पर चाकू और कड़े से हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल छात्र की उपचार के दौरान 26 दिसंबर को मौत हो गई थी। मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी और विवेचना के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई को आगे बढ़ाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *