DEHRADUNUttarakhandUttarakhandउत्तराखंडब्रेकिंगराज्यस्पेशल

13 जुलाई को आस्था की विशेष यात्रा, देहरादून से सोमनाथ जाएगी स्पेशल ट्रेन

देहरादून। सोमनाथ मंदिर पर हुए प्रथम आक्रमण के 1000 वर्ष और मंदिर के पुनरुद्धार के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ के तहत उत्तराखंड से 13 जुलाई को एक विशेष रेल सेवा रवाना की जाएगी। इस ऐतिहासिक यात्रा में राज्य के विभिन्न जिलों से चयनित 700 से अधिक श्रद्धालु शामिल होंगे, जो गुजरात स्थित भगवान सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के दर्शन करेंगे।

राज्य सरकार द्वारा इस यात्रा की व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार 13 जुलाई को दोपहर 3 बजे देहरादून रेलवे स्टेशन से विशेष ट्रेन को राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) अथवा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने यात्रा को सफल बनाने के लिए सभी प्रमुख सचिवों, सचिवों, जिलाधिकारियों और विभागाध्यक्षों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। यात्रा के समन्वय और संचालन की जिम्मेदारी संस्कृति विभाग को नोडल विभाग के रूप में सौंपी गई है।

हर जिले से होंगे 40-40 श्रद्धालु शामिल

संस्कृति सचिव युगल किशोर पंत के अनुसार, इस यात्रा में जनभागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उत्तराखंड के प्रत्येक जिले से अधिकतम 40 श्रद्धालुओं का चयन किया जा रहा है। यात्रियों का चयन जिलाधिकारियों की अध्यक्षता में गठित समितियों द्वारा किया जा रहा है। विभिन्न सामाजिक, धार्मिक, सांस्कृतिक और अन्य 11 अलग-अलग समूहों से श्रद्धालुओं को इस विशेष यात्रा में शामिल किया जा रहा है।

ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व

‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक विरासत, आस्था और स्वाभिमान का प्रतीक माना जा रहा है। सोमनाथ मंदिर भारतीय इतिहास, संस्कृति और सनातन परंपरा का महत्वपूर्ण केंद्र रहा है। इस विशेष आयोजन का उद्देश्य देशभर के श्रद्धालुओं को मंदिर के ऐतिहासिक महत्व से जोड़ना और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करना है।

राज्य सरकार का मानना है कि यह यात्रा श्रद्धालुओं के लिए एक यादगार आध्यात्मिक अनुभव होगी और उत्तराखंड से सोमनाथ तक आस्था की एक नई कड़ी स्थापित करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *