
वर्षा का दौर थमने से सोमवार को दिल्ली का मौसम फिर से गर्म हो गया। बादलों की आवाजाही भले दिन भर चली, लेकिन बरसात एक बार भी नहीं हुई। इसी के चलते तेज धूप में उमस ने भी बेहाल किए रखा। दिल्लीवासी पसीने की समस्या से भी परेशान रहे।
सामान्य से एक डिग्री अधिक रहा अधिकतम तापमान
मौसम विभाग की मानें तो अभी कई दिन कमोबेश ऐसा ही मौसम बना रहेगा। सोमवार को अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 38.4 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य स्तर पर 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 98 से 52 प्रतिशत रिकार्ड किया गया।
दिनभर बादलों की आवाजाही रहेगी
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि मंगलवार को दिनभर बादलों की आवाजाही रहेगी। कहीं-कहीं हल्की वर्षा होने की भी संभावना है। अधिकतम 38 और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। इस दौरान हवा की गति 16 किमी प्रति घंटे रहने के आसार हैं। मौसम विभाग की मानें तो दिल्ली में रविवार तक हल्की वर्षा की संभावना बनी रहेगी। बीच बीच में तेज वर्षा भी हो सकती है।