
राजधानी में रविवार को दोपहर में कुछ इलाकों में हल्की वर्षा हुई। फिर भी उमस भरी गर्मी से ज्यादा राहत नहीं मिली। अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। इस वजह से उमस भरी गर्मी महसूस की गई।
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को आकाश में बादल छाए रहेंगे। कुछ इलाकों में हल्की वर्षा होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है। इसके बाद मंगलवार से बृहस्पतिवार तक तीन दिन दिल्ली में मध्यम स्तर की वर्षा होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, मानसून ट्रफ 25 जुलाई से एक बार फिर उत्तरी दिशा में वापस बढ़ेगा और दो से तीन दिनों में सामान्य स्थिति में पहुंच जाएगा। इससे हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश के अलावा दिल्ली में भी वर्षा होने की संभावना है। दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक है। न्यूनतम तापमान 28.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक है।
दोपहर में पूसा में 6.5 मिलीमीटर, लोधी रोड में एक मिलीमीटर और सफदरजंग में 0.2 मिलीमीटर वर्षा हुई। इसके अलावा भी कई इलाकों में हल्की वर्षा हुई। वर्षा के बाद तेज धूप निकल गई।