
पंजाब में मानसून लगातार बरस रहा है। रविवार को भी कई जिलों में सुबह सामान्य से मध्यम वर्षा हुई। मौसम केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार सुबह चार बजे से लेकर शाम पांच बजे के दौरान फिरोजपुर में 29.5 मिलीमीटर, पटियाला में 20.0 मिलीमीटर, बरनाला में 4.8 मिलीमीटी, मोगा में 9.5 मिलीमीटर,अमृतसर में 2.5 मिलीमीटर, लुधियाना में 2.8 मिलीमीटर वर्षा रिकार्ड की गई। वहीं अन्य जिलों में बादल छाएं रहे और बूंदाबांदी हुई।
पंजाब के जयादातर जिलों में दिन का तापमान 32 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। उधर मौसम विभाग के पूर्वानुमान की माने तो एक अगस्त तक पंजाब में मौसम साफ रहेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होगी। लेकिन दो अगस्त से मौसम फिर बदल रहा है।
मानसून के बीच दोबारा से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की वजह से पंजाब में तीन अगस्त तक भारी वर्षा होसकती है। इसे लेकर विभाग ने येलो अलर्ट जारी कर दिया है। ऐसे में अगर भारी वर्षा होती है और जलभराव होता है तो किसानों के लिए मुसीबत खड़ी हो सकती है। क्योंकि, पंजाब के कई जिलों में किसान दोबारा से धान की रोपाई कर रहे हैं। हालांकि अगर हल्की से सामान्य या मध्यम वर्षा होती है, तो इससे नुकसान की संभावना कम हैं।