
कोतवाली पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपहरण करने वाली महिला और नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। नाबालिग को सकुशल बरामद कर दोनों के खिलाफ कोतवाली में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
कोतवाली पुलिस ने बताया कि आठ अगस्त को नाबालिग के परिजनों ने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उनकी 16 वर्षीय नाबालिग घर से स्कूल के लिए निकली थी, लेकिन स्कूल नहीं पहुंची। पुलिस ने नाबालिग के घर से आने-जाने वाले मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसी बीच मुखबिर की सूचना पर पुलिस को जानकारी मिली की नाबालिग को 14 बीघा नियर चौहान वेडिंग प्वाइंट थाना मुनि की रेती टिहरी गढ़वाल, मूल निवासी ग्राम चौरी पीपल डाली पोस्ट गडोली थाना नई टिहरी निवासी वर्षा बहला फुसलाकर अपने घर ले गई।
12 अगस्त को पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी महिला ने बताया कि उसने नाबालिग को भट्टोवाला गुमानीवाला में किसी रिश्तेदार के घर पर बंधक बनाया है। महिला की निशानदेही पर नाबालिग को भट्टोवाला से बरामद कर लिया। नाबालिग ने बताया कि महिला के मित्र डालनवाला देहरादून निवासी वीरेंद्र उर्फ मकान सिंह ने उसके घर पर उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने तहसील रोड ऋषिकेश से दुष्कर्म करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।