
मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में 20 नवंबर को बुलाई गई पंजाब कैबिनेट की अहम बैठक में 16वीं विधानसभा के आगामी सत्र की तारीखों का एलान किया जा सकता है।
पंजाब सिविल सचिवालय में सोमवार सुबह 11 बजे होने वाली इस बैठक में राज्य सरकार मुलाजिमों को दिवाली पर कुछ नहीं दिए जाने की नाराजगी भी दूर कर सकती है और बकाया डीए की राशि में से कुछ न कुछ मुलाजिमों को मिल सकता है। सरकारी मुलाजिम बकाया डीए को लेकर लंबे समय से मांग कर रहे हैं और सोमवार दोपहर को ही वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा के नेतृत्व में कैबिनेट सब-कमेटी ने चार कर्मचारी संगठनों को बातचीत के लिए चंडीगढ़ बुलाया है।
पंजाब विधानसभा के नए सत्र को लेकर भी माना जा रहा है कि सरकार दिसंबर के पहले पखवाड़े में नया सत्र बुलाने का एलान कर सकती है और यह सत्र कम से कम चार कामकाजी दिनों का अवश्य होगा। इसका एक कारण यह भी है कि जनवरी में राज्य में निगम और नगर परिषद चुनाव कराने की भी तैयारी चल रही है।