उत्तराखंड

भारी बारिश के बाद बाढ़ में फंसे 41 लोगों को एसडीआरएफ ने सुरक्षित निकाला

टनकपुर। चंपावत जिले के टनकपुर में एसडीआरएफ ने देर रात जगपुरा में बाढ़ में फंसे 30 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। सभी लोग सुरक्षित हैं। वहीं देवपुरा में 11 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया है।

मिली जानकारी के मुताबिक देर रात एसडीआरएफ को एसडीएम टनकपुर के माध्यम से सूचना मिली कि जगपुरा, बनबसा में जल भराव हो रहा है। पूर्व से ही अलर्ट एसडीआरएफ टीम सूचना मिलते ही सब इंस्पेक्टर मनीष भाकुनी के नेतृत्व में तत्काल रवाना हो गई।

जगपुरा पहुंचते ही टीम ने देखा कि 30 महिला, बच्चे और पुरुष बाढ़ के पानी में फंसे हुए थे। टीम ने तुरंत उन्हें सुरक्षित निकालने का कार्य शुरू किया। मुश्किल हालातों में भी टीम ने सभी को सुरक्षित निकाल कर बस द्वारा रैन बसेरा बनबसा के लिए रवाना किया।

टीम ने दोबारा से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। एक सब टीम वार्ड नंबर 9 टनकपुर के लिए रवाना हुई और दूसरी सब टीम ने बनबसा के जगपुरा में ही एक और जगह पर रेस्क्यू कार्य कर रही है। वहीं देर रात एसडीआरएफ की टीम को सूचना मिली कि चंपावत जनपद के देवपुरा बनबसा में कुछ लोग जलभराव के कारण फंसे हैं। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। लगातार बढ़ते जल स्तर और भारी बारिश के बीच, देवपुरा बनबसा में रेस्क्यू कार्य शुरू किया गया। अब तक टीम ने 11 लोगों को सुरक्षित निकाला है, जिनमें 2 बच्चे, 4 महिलाएं और 5 पुरुष शामिल हैं।

रेस्क्यू कार्य को त्वरित गति से करने के लिए एसडीआरएफ टीम को दो भागों में बांटा गया है। एक टीम, जिसमें हेड कांस्टेबल प्रवेश नगरकोटी, प्रकाश तिवारी, कांस्टेबल नवीन पोखरिया, मनोज गहतोड़ी और ललित बोरा शामिल हैं, टनकपुर के वार्ड नंबर 9 में जलभराव के कारण रेस्क्यू कार्य में लगी हुई है। दूसरी टीम, जिसका नेतृत्व एसआई मनीष भाकुनी कर रहे हैं, देवपुरा बनबसा में लगातार रेस्क्यू कार्य कर रही है। इस टीम में कांस्टेबल प्रदीप मेहता, कांस्टेबल कृष्ण सिंह, कांस्टेबल नरेंद्र सिंह, सुरेश मेहरा, राहुल और ललित कुमार शामिल हैं।

बारिश लगातार जारी है, लेकिन एसडीआरएफ की टीम लगातार रेस्क्यू कर हर चुनौती का सामना करते हुए लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *