
स्विट्जरलैंड में नए साल की खुशियां उस समय गम में बदल गईं, जब एक मशहूर स्की रिसॉर्ट में आग लगने की भीषण घटना सामने आई। इस हादसे में कई लोगों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है, जबकि 100 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। हालांकि अब तक प्रशासन की ओर से मृतकों की आधिकारिक संख्या जारी नहीं की गई है। सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही आपातकालीन सेवाएं मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। शुरुआती मीडिया रिपोर्ट्स में धमाके की बात सामने आई थी, लेकिन बाद में स्पष्ट हुआ कि आग रिसॉर्ट के एक रेस्तरां में लगी थी, जहां नए साल का जश्न मनाया जा रहा था।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह हादसा स्विस आल्प्स के बीच बसे प्रसिद्ध पर्यटन शहर क्रांस-मोंटाना के एक स्की रिसॉर्ट में हुआ। आग ‘ले कॉन्स्टेलेशन’ नामक बार में लगी, जहां घटना के समय सौ से अधिक लोग मौजूद थे। आग की चपेट में आने से बड़ी संख्या में लोगों के हताहत होने की आशंका जताई जा रही है, जिनमें कई विदेशी नागरिक भी शामिल हैं।
सुरक्षा कारणों के चलते घटनास्थल को सील कर दिया गया है और रिसॉर्ट के आसपास के इलाकों में भी आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। पुलिस यह जांच कर रही है कि आग किसी हादसे का परिणाम थी या इसके पीछे कोई साजिश है।
क्रांस-मोंटाना पुलिस के प्रवक्ता गैटन लैथियन ने बताया कि आग तड़के करीब 1:30 बजे लगी थी। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए एक रिसेप्शन सेंटर और हेल्पलाइन शुरू की गई है। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि जांच अभी शुरुआती चरण में है, लेकिन यह क्षेत्र अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध स्की रिसॉर्ट है, जहां हर साल बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं।