
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में ट्यूलिप फूलों के व्यावसायिक उत्पादन को प्रोत्साहित करने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं। इस संबंध में उन्होंने उद्यान विभाग के अधिकारियों से कहा कि पुष्प उत्पादन और बागवानी के क्षेत्र में नवाचार को प्राथमिकता दी जाए।
शुक्रवार को मुख्यमंत्री ने अपने परिवार के साथ सीएम आवास परिसर स्थित उद्यान में ट्यूलिप बल्ब लगाकर 17 प्रजातियों के चार हजार ट्यूलिप उगाने की पहल की। इस अभियान में लेक पर्पल और बाईकलर जैसी विशेष रंगों वाली ट्यूलिप प्रजातियां भी शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने उद्यान विभाग को निर्देश दिए कि ट्यूलिप के व्यावसायिक उत्पादन की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाए, ताकि पुष्प उत्पादन को नई दिशा मिल सके। इस दौरान उन्होंने उद्यान प्रभारी दीपक पुरोहित से ट्यूलिप उत्पादन से जुड़ी जानकारियां लीं। साथ ही सीएम आवास परिसर में हो रहे मशरूम उत्पादन, मौनपालन और अन्य बागवानी गतिविधियों के बारे में भी विस्तार से जानकारी प्राप्त की।