दुनिया

सिसिली में प्रकृति का कहर, 4 किमी लंबा भूस्खलन; घर खाई में लटकते नजर आए

दक्षिणी इटली के सिसिली द्वीप पर स्थित निस्केमी शहर इस वक्त गंभीर प्राकृतिक आपदा की चपेट में है। तूफान हेरी के कारण हुई मूसलाधार बारिश के बाद शहर में लगातार भूस्खलन हो रहा है, जिससे बड़ा इलाका धीरे-धीरे गहरी खाई की ओर धंसता जा रहा है। हालात इतने भयावह हैं कि कई रिहायशी मकान चट्टानों के किनारे झूलते नजर आ रहे हैं।

भारी बारिश के चलते निस्केमी क्षेत्र में करीब चार किलोमीटर लंबी चट्टान ढह चुकी है, जबकि भूस्खलन की प्रक्रिया अभी भी थमी नहीं है। हालात को देखते हुए इटली का नागरिक सुरक्षा विभाग प्रभावित इलाकों के निवासियों को स्थायी रूप से दूसरी जगह बसाने की तैयारी में जुट गया है।

सुरक्षा के मद्देनज़र स्थानीय प्रशासन ने अब तक 1,500 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। राहत की बात यह है कि फिलहाल किसी के हताहत या घायल होने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन प्रशासन ने स्थिति को बेहद गंभीर बताया है।

उल्लेखनीय है कि निस्केमी शहर दक्षिण-मध्य सिसिली में एक ऊंचे पठार पर बसा हुआ है, जो अब धीरे-धीरे समतल मैदान की ओर खिसक रहा है। ढलान के बड़े हिस्से धंसने के कारण कई इमारतें किनारों पर झूल रही हैं। घटनास्थल पर एक कार का अगला हिस्सा खाई में धंसा हुआ पाया गया, जो खतरे की गंभीरता को दर्शाता है।

नागरिक सुरक्षा प्रमुख फैबियो सिसिलियानो ने मीडिया से बातचीत में बताया कि भूस्खलन से प्रभावित कई घर अब रहने लायक नहीं बचे हैं। उन्होंने कहा कि जमीन का खिसकना अभी भी रुक-रुककर जारी है, इसलिए प्रभावित परिवारों को स्थायी रूप से अन्य स्थानों पर बसाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *