
देहरादून के तिब्बती मार्केट क्षेत्र में अज्ञात हमलावरों ने एक व्यक्ति को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल अवस्था में पुलिस ने उसे तत्काल दून अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान अर्जुन शर्मा के रूप में हुई है, जो इंदिरा नगर, थाना बसंत विहार, देहरादून के निवासी थे।
पुलिस के अनुसार अर्जुन शर्मा जीएमएस रोड स्थित अमरदीप गैस एजेंसी के संचालक थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को सील कर जांच शुरू कर दी। बाद में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की विस्तृत जानकारी ली।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक का अपने पारिवारिक व्यवसाय और पैसों के लेन-देन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इसी विवाद के चलते अर्जुन शर्मा की माता ने पहले ही बेटे की सुरक्षा को लेकर उच्च न्यायालय से सुरक्षा आदेश भी प्राप्त किए थे।
प्रत्यक्षदर्शियों और शुरुआती जांच के आधार पर बताया जा रहा है कि स्कूटी पर सवार दो हमलावरों ने वारदात को अंजाम दिया और घटना के बाद मौके से फरार हो गए। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।
देहरादून पुलिस के अनुसार, एसएसपी के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर दी गई हैं। साथ ही पूरे जिले में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।