
देहरादून: गुरुवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से केदारनाथ धाम के रावल श्री श्री श्री 1008 भीमाशंकर लिंग ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस अवसर पर रावल ने भगवान केदारनाथ का आशीर्वाद देते हुए प्रदेश की खुशहाली और समृद्धि की कामना की।
मुख्यमंत्री धामी ने उनका स्वागत करते हुए केदारनाथ धाम में चल रहे पुनर्निर्माण और विकास कार्यों की प्रगति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार तीर्थयात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और बेहतर व्यवस्थाओं के लिए लगातार प्रयासरत है।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने आगामी यात्रा सीजन को सुचारु और व्यवस्थित बनाने के लिए किए जा रहे इंतजामों का भी जिक्र किया। बैठक के दौरान धाम की व्यवस्थाओं, यात्रा संचालन और श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए जरूरी तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।