क्राइमदिल्ली

दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नकली टूथपेस्ट बनाने वाली फैक्टरी पकड़ी गई

दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने राजधानी में नकली टूथपेस्ट के अवैध कारोबार का बड़ा खुलासा किया है। कंझावला इलाके में संचालित एक फैक्टरी पर छापा मारकर पुलिस ने इसके संचालक हरि ओम मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में नकली टूथपेस्ट, भरी और खाली ट्यूब, पैकेजिंग सामग्री, कच्चा माल और उत्पादन में इस्तेमाल होने वाली मशीनें बरामद कीं। पुलिस के मुताबिक, जब्त सामान की कीमत लाखों रुपये आंकी गई है। यह पूरी कार्रवाई महावीर विहार स्थित एक गोदाम में की गई, जहां गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की गई थी।

अपराध शाखा के अनुसार, मौके पर पहुंची टीम ने देखा कि कुछ मजदूर स्थानीय स्तर पर तैयार पेस्ट को नामी ब्रांड Sensodyne की ट्यूबों में भरकर उन्हें सील कर रहे थे। इसके बाद इन्हें असली उत्पाद बताकर बाजार में सप्लाई किया जाता था। फैक्टरी में निर्माण की स्थिति बेहद अस्वच्छ पाई गई, जिससे उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य को गंभीर खतरा हो सकता था।

जांच में सामने आया कि यह अवैध यूनिट बिना लाइसेंस और जरूरी दस्तावेजों के संचालित की जा रही थी। पुलिस ने उत्तम नगर निवासी 58 वर्षीय हरि ओम मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से बाजार में नकली और संभावित रूप से खतरनाक उत्पादों की सप्लाई पर रोक लगी है, जिससे लोगों को होने वाले स्वास्थ्य जोखिम को टाला जा सका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *