
चारधाम यात्रा के तहत केदारनाथ जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए हेली शटल सेवा की ऑनलाइन टिकट बुकिंग बुधवार से शुरू होने जा रही है। आईआरसीटीसी शाम 6 बजे अपना बुकिंग पोर्टल खोल देगा। पहले चरण में 22 अप्रैल से 15 जून तक की यात्रा के लिए टिकट उपलब्ध कराए जाएंगे।
उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण के सीईओ आशीष चौहान के अनुसार, केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवा का संचालन 22 अप्रैल से शुरू होगा। यह सेवा गुप्तकाशी, सिरसी और फाटा हेलिपैड से संचालित की जाएगी। बुकिंग को लेकर आईआरसीटीसी ने सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
उन्होंने बताया कि 15 अप्रैल को शाम 6 बजे से पोर्टल पर टिकट बुकिंग शुरू हो जाएगी। पहले चरण में सीमित स्लॉट के तहत 22 अप्रैल से 15 जून तक की यात्रा के लिए ही टिकट जारी किए जाएंगे।
श्रद्धालुओं को सलाह दी गई है कि वे केवल आईआरसीटीसी के आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से ही टिकट बुक करें। किसी भी अन्य वेबसाइट या सोशल मीडिया पर मिलने वाले फर्जी लिंक और ऑफर से सावधान रहने की अपील की गई है।