
किदवई नगर से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक नशेड़ी पिता ने सोची-समझी साजिश के तहत अपनी ही दो जुड़वां बेटियों की निर्मम हत्या कर दी। यह खौफनाक वारदात देर रात करीब 1:50 बजे से 3:35 बजे के बीच अंजाम दी गई, जिसकी पूरी घटना फ्लैट में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।
पुलिस के अनुसार, आरोपी शशिरंजन ने पहले घर में टीवी बंद करने को लेकर विवाद किया। बच्चियां कार्टून देखने की जिद कर रही थीं, जिस पर आरोपी ने उन्हें अगले दिन फिल्म दिखाने का झांसा दिया। बावजूद इसके जब टीवी बंद नहीं हुआ, तो वह गुस्से में आ गया और देर रात इस खौफनाक साजिश को अंजाम दिया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने पहले अपनी बेटी सिद्धि को निशाना बनाया, क्योंकि वह अधिक स्वस्थ थी और विरोध कर सकती थी। उसने पहले उसका गला घोंटा और फिर धारदार हथियार से हत्या कर दी। इसके बाद वह सामान्य दिखने की कोशिश करते हुए चुपचाप बैठा रहा।
कुछ समय बाद दूसरी बेटी रिद्धि जब उठी, तो आरोपी उसे बहाने से साथ ले गया और वापस कमरे में लाकर उसकी भी बेरहमी से हत्या कर दी। इस दौरान आरोपी की पत्नी को कुछ संदेह हुआ, लेकिन अंधेरा होने के कारण वह कुछ समझ नहीं पाई।
सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, वारदात से पहले आरोपी बच्चियों के साथ सामान्य बातचीत करता रहा और मोबाइल भी चलाता दिखा। इसके बाद कमरे की लाइट बंद हुई और फिर उसने इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया।
नौबस्ता इंस्पेक्टर बहादुर सिंह ने बताया कि फ्लैट में लगभग हर जगह सीसीटीवी कैमरे लगे हुए थे, जिससे पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई। इस घटना ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है और हर कोई स्तब्ध है कि एक पिता इतना निर्दयी कैसे हो सकता है।