
केदारनाथ धाम के कपाट आज प्रातः 8 बजे शुभ लग्न के अनुसार विधि-विधान और विशेष पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं के दर्शन हेतु खोल दिए गए। इस अवसर पर पूरे मंदिर को लगभग 51 कुंतल फूलों से भव्य रूप से सजाया गया, जिससे धाम की दिव्यता और भी बढ़ गई। देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनने के लिए केदारनाथ पहुंचे। कपाट उद्घाटन के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी धाम पहुंचकर बाबा केदार का आशीर्वाद लिया।
इससे पूर्व, बाबा केदार की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली मंगलवार शाम करीब 4:30 बजे केदारनाथ धाम पहुंची। ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ से रवाना हुई यह डोली 17 किलोमीटर की कठिन पैदल यात्रा तय करते हुए जंगलचट्टी, रामबाड़ा, छोटे-बड़े लिनचोली और बेस कैंप से होकर केदारपुरी पहुंची।
मंदिर परिसर में पहुंचते ही हजारों श्रद्धालुओं ने ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय बाबा केदार’ के जयघोषों के साथ पुष्प वर्षा कर डोली का भव्य स्वागत किया। डोली ने मंदिर की परिक्रमा करने के बाद भंडार गृह में प्रवेश किया, जहां विधिवत पूजा संपन्न हुई।
इस दौरान 8वीं सिखलाई रेजीमेंट के बैंड की मधुर धुनों और डमरू-नाद से पूरा केदारनाथ धाम शिवमय हो उठा। साथ ही, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और आईटीबीपी के जवान पूरी तरह मुस्तैद नजर आए। कपाट खुलने के साथ ही केदारनाथ यात्रा का विधिवत शुभारंभ हो गया है।