DEHRADUNUttarakhandUttarakhandब्रेकिंगराज्य

देहरादून समेत 8 जिलों पर मौसम की मार, 50 KM/घंटा की रफ्तार से चलेंगी तेज हवाएं

देहरादून | मौसम अपडेट

उत्तराखंड में मानसून की दस्तक का इंतजार अभी जारी है। इस बीच मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार सोमवार को प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदल सकता है और कई जगहों पर बारिश, गर्जन और तेज हवाओं की संभावना है।

मौसम विभाग ने देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, टिहरी, नैनीताल और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं आकाशीय बिजली चमकने, गर्जन होने तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है।

रविवार को देहरादून में सुबह से तेज धूप खिली रही। दोपहर बाद कुछ इलाकों में बादल तो छाए, लेकिन बारिश नहीं हुई, जिससे तापमान सामान्य से अधिक बना रहा और लोगों को गर्मी व उमस का सामना करना पड़ा।

मौसम विभाग के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। अन्य पर्वतीय क्षेत्रों में भी कहीं-कहीं हल्की वर्षा होने की संभावना है।

वहीं, मैदानी जिलों हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है। हालांकि तेज धूप और नमी के कारण लोगों को उमस से राहत मिलने की संभावना कम है।

प्रमुख शहरों का तापमान (°C)

शहरअधिकतमन्यूनतम
देहरादून36.724.5
पंतनगर36.423.6
मुक्तेश्वर24.114.9
नई टिहरी27.614.8

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *