दून यूनिवर्सिटी प्रवेश परीक्षा 7-8 जुलाई को: 5,000+ अभ्यर्थी देंगे CBT एग्जाम, एडमिट कार्ड जारी

देहरादून, दिल्ली, हल्द्वानी और लखनऊ में होंगे परीक्षा केंद्र, अभ्यर्थियों को समय से पहले पहुंचने की सलाह।शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए दून यूनिवर्सिटी की प्रवेश परीक्षा 7 और 8 जुलाई को कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) के माध्यम से आयोजित की जाएगी। इस वर्ष स्नातक (UG) और स्नातकोत्तर (PG) पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए 5,000 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिससे विश्वविद्यालय के प्रति छात्रों का बढ़ता रुझान साफ दिखाई देता है।
विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल ने बताया कि NAAC से ‘A’ ग्रेड मिलने के बाद दून यूनिवर्सिटी की पहचान देश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में हुई है। यही कारण है कि उत्तराखंड के साथ-साथ अन्य राज्यों के छात्र भी बड़ी संख्या में यहां प्रवेश के लिए आवेदन कर रहे हैं।
7 जुलाई का परीक्षा कार्यक्रम
- प्रथम सत्र: बीएससी व्यवहारिक मनोविज्ञान, बीए अर्थशास्त्र, एमए अंग्रेजी, एमएससी रसायन विज्ञान
- द्वितीय सत्र: बीएससी भूगोल, बीबीए
- तृतीय सत्र: बीए अंग्रेजी, डिजाइन, एमएससी व्यवहारिक मनोविज्ञान, एमएससी/एमटेक कंप्यूटर विज्ञान
8 जुलाई का परीक्षा कार्यक्रम
- प्रथम सत्र: बीएससी भौतिकी, रसायन विज्ञान, गणित एवं बायोलॉजिकल साइंस
- द्वितीय सत्र: बीए जापानी, स्पेनिश, फ्रेंच, चीनी और जर्मन भाषा पाठ्यक्रम
- तृतीय सत्र: बीए मीडिया एवं कम्युनिकेशन, बीकॉम
एडमिट कार्ड जारी
विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दिए हैं। उम्मीदवार अपने एडमिट कार्ड डाउनलोड कर उसमें दिए गए सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें और परीक्षा के दिन निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचें।
इन शहरों में बनाए गए परीक्षा केंद्र
- देहरादून: सेंट जेवियर्स स्कूल, चिल्ड्रन्स अकादमी, रिवर रेन पब्लिक स्कूल और दून यूनिवर्सिटी परिसर
- नई दिल्ली: ब्लूमिंग डेल्स पब्लिक स्कूल
- हल्द्वानी: जय अरिहंत ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स
- लखनऊ: गोमती नगर स्थित NES Digital Zone
विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा से पहले एडमिट कार्ड डाउनलोड कर आवश्यक दस्तावेजों के साथ समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
