देहरादून–नोएडा के बीच सीधी हवाई सेवा शुरू: इंडिगो की रोजाना उड़ान से सफर होगा आसान

उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के बीच हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करते हुए नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) से देहरादून के जौलीग्रांट एयरपोर्ट के लिए सीधी हवाई सेवा शुरू हो गई है। 1 जुलाई से इंडिगो एयरलाइंस की यह नियमित उड़ान प्रतिदिन संचालित की जा रही है, जिससे दोनों शहरों के बीच यात्रा पहले से अधिक सुविधाजनक हो जाएगी।
देहरादून एयरपोर्ट के निदेशक भूपेश सी.एस. नेगी के अनुसार, इंडिगो का 32-सीटर विमान पहली उड़ान में नोएडा से 25 यात्रियों को लेकर रात 8:18 बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचा। इसके बाद रात 8:47 बजे विमान देहरादून से नोएडा के लिए रवाना हुआ, जिसमें 8 यात्रियों ने यात्रा की।
अधिकारियों के अनुसार, यह उड़ान रोजाना संचालित होगी। निर्धारित समय के अनुसार विमान रात 8:10 बजे नोएडा से देहरादून पहुंचेगा और रात 8:30 बजे देहरादून से नोएडा के लिए उड़ान भरेगा।
इस नई हवाई सेवा से नोएडा में कार्यरत कर्मचारियों, अधिकारियों, उद्योगपतियों, व्यवसायियों, छात्रों और पर्यटकों को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही उत्तराखंड आने वाले पर्यटकों और व्यावसायिक यात्रियों के लिए भी यात्रा अधिक तेज़ और सुविधाजनक होगी। माना जा रहा है कि यह सेवा दोनों राज्यों के बीच पर्यटन, व्यापार और निवेश को भी नई गति देगी।
