किरेन रिजिजू करेंगे उद्घाटन, देहरादून में आज से शुरू होगा भव्य ‘लोक संवर्धन पर्व’

देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून का परेड ग्राउंड आज से देश की समृद्ध लोक संस्कृति, पारंपरिक हस्तशिल्प, हथकरघा और विविध व्यंजनों का भव्य केंद्र बनने जा रहा है। भारत सरकार के अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय और उत्तराखंड सरकार के संयुक्त तत्वावधान में 11 से 15 जुलाई तक आयोजित होने वाले ‘लोक संवर्धन पर्व’ के छठे संस्करण का शुभारंभ केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू करेंगे।
उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, राज्य के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री खजान दास सहित केंद्र और राज्य सरकार के कई वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे। सबसे खास बात यह है कि इस पांच दिवसीय महोत्सव में आम जनता के लिए प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है।
यह आयोजन उत्तराखंड के लिए एक बड़ी उपलब्धि भी माना जा रहा है। ‘प्रधानमंत्री विरासत का संवर्धन (PM VIKAS)’ योजना के अंतर्गत लोक संवर्धन पर्व का आयोजन किसी राज्य सरकार के सहयोग से पहली बार हो रहा है, और इस पहल में भागीदारी करने वाला उत्तराखंड देश का पहला राज्य बन गया है।
महोत्सव में देश के विभिन्न राज्यों से आए कारीगर अपनी पारंपरिक कला, हस्तशिल्प, हथकरघा उत्पाद और सांस्कृतिक विरासत का प्रदर्शन करेंगे। परिसर में लगभग 150 स्टॉल लगाए गए हैं, जहां आगंतुक हस्तनिर्मित वस्तुओं की खरीदारी के साथ-साथ भारत की विविध सांस्कृतिक परंपराओं और स्वादिष्ट क्षेत्रीय व्यंजनों का भी आनंद ले सकेंगे।
गौरतलब है कि वर्ष 2024 में शुरू हुए लोक संवर्धन पर्व के अब तक पांच सफल संस्करण आयोजित किए जा चुके हैं, जिनसे 550 से अधिक कारीगरों को प्रत्यक्ष लाभ मिला है। देहरादून में आयोजित यह छठा संस्करण स्थानीय कलाकारों, शिल्पकारों और पर्यटन को भी नई पहचान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
