DEHRADUNUttarakhandUttarakhandउत्तराखंडब्रेकिंगराज्य

HIV रिपोर्ट लीक कर बदनाम करने का आरोप, पत्नी और ससुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज

देहरादून। राजधानी देहरादून में एक संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और ससुर पर उसकी एचआईवी (HIV) रिपोर्ट सार्वजनिक कर सामाजिक और आर्थिक नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि उसकी बीमारी की जानकारी ग्राहकों तक पहुंचा दी गई, जिससे उसे अपना फास्ट-फूड रेस्टोरेंट तक बंद करना पड़ा। मामले में पुलिस द्वारा कार्रवाई न किए जाने पर पीड़ित ने अदालत का दरवाजा खटखटाया, जिसके बाद कोर्ट के आदेश पर प्रेमनगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है।

पीड़ित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी वर्ष 2019 में हुई थी और इस विवाह से उसके दो बच्चे हैं। उसका आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पत्नी ने दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाकर मायके चली गई। बाद में उसने साथ रहने के लिए परिवार से अलग रहने की शर्त रखी।

शिकायत के अनुसार, वर्ष 2020 में दोनों सुद्धोवाला स्थित एक किराये के अपार्टमेंट में रहने लगे और वर्ष 2022 तक वहीं रहे। इसके बाद पत्नी दोबारा अपने मायके चली गई और एक बार फिर ससुराल पक्ष पर उत्पीड़न के आरोप लगाए।

पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि मार्च 2024 में तबीयत खराब होने पर कराई गई मेडिकल जांच में वह एचआईवी पॉजिटिव पाया गया। इसके बाद नवंबर 2024 में जब उसने फास्ट-फूड रेस्टोरेंट शुरू किया, तो पत्नी और उसके परिजनों ने कथित तौर पर नियमित ग्राहकों को उसकी बीमारी के बारे में जानकारी दे दी। इससे ग्राहक आने बंद हो गए और उसे अपना व्यवसाय बंद करना पड़ा।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि जब उसने तलाक की बात की तो पत्नी और उसके परिजनों ने 20 लाख रुपये की मांग की। साथ ही, पत्नी और उसके पिता पर उसकी संपत्ति से संबंधित रजिस्टर्ड सेल डीड अपने पास रखने और वापस न करने का भी आरोप लगाया गया है।

पीड़ित का कहना है कि उसने पहले भी पुलिस से शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने न्यायालय की शरण ली। अदालत के निर्देश पर प्रेमनगर कोतवाली पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

नोट: मामले में लगाए गए सभी आरोप शिकायतकर्ता के हैं। पुलिस जांच जारी है और आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *