DEHRADUNUttarakhandआम मुद्देउत्तराखंडदुनियाब्रेकिंग

उत्तराखंड हाईकोर्ट के आदेश के बाद एसटीए की कार्रवाई, अब इलेक्ट्रिक बसें केवल सुद्धोवाला-प्रेमनगर-घंटाघर-रायपुर रूट पर ही चलेंगी

देहरादून: उत्तराखंड हाईकोर्ट की सख्ती के बाद देहरादून स्मार्ट सिटी की इलेक्ट्रिक बसों के संचालन में बड़ा बदलाव किया गया है। राज्य परिवहन प्राधिकरण (एसटीए) ने तत्काल प्रभाव से देहरादून-विकासनगर-डाकपत्थर और उससे जुड़े अंतरराज्यीय मार्गों पर इलेक्ट्रिक बसों का संचालन रोक दिया है। अब ये बसें केवल सुद्धोवाला-प्रेमनगर-घंटाघर-रायपुर के निर्धारित रूट पर ही संचालित होंगी।

यह निर्णय हाईकोर्ट में लंबित एक याचिका की सुनवाई के बाद लिया गया। अदालत ने पाया कि वर्ष 2019 के समझौते में निर्धारित मार्गों के अलावा भी इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जा रहा था। इस पर अदालत ने आपत्ति जताते हुए देहरादून स्मार्ट सिटी लिमिटेड से जवाब तलब किया है।

याचिकाकर्ता राम कुमार सैनी का आरोप है कि स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने समझौते में तय रूटों का पालन नहीं किया और इलेक्ट्रिक बसों को अन्य मार्गों पर भी संचालित किया, जो समझौते का उल्लंघन है।

हाईकोर्ट के निर्देश के बाद एसटीए ने सभी संबंधित अधिकारियों को आदेश जारी करते हुए कहा है कि स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत संचालित बैटरी चालित बसों का संचालन केवल शेड्यूल-जे में निर्धारित मार्गों पर ही किया जाए। यदि किसी बस का संचालन तय रूट से बाहर पाया जाता है, तो उसे तत्काल प्रभाव से बंद किया जाएगा।

इस फैसले के बाद फिलहाल विकासनगर-डाकपत्थर रूट पर चल रही इलेक्ट्रिक बसों का संचालन बंद हो जाएगा। मामले में हाईकोर्ट ने स्मार्ट सिटी लिमिटेड से जवाब मांगा है और अगली सुनवाई की तिथि भी निर्धारित कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *