देहरादून में साइबर अपराधियों का नया तरीका, बिना संपर्क किए खाते से उड़ा लिए ₹2.09 लाख

देहरादून। साइबर अपराधी लगातार ठगी के नए-नए तरीके अपना रहे हैं। ताजा मामला देहरादून के विकासनगर क्षेत्र से सामने आया है, जहां एक व्यक्ति के बैंक खाते से ₹2,09,921 की रकम बिना किसी फोन कॉल, OTP, मैसेज या संदिग्ध लिंक के ही निकाल ली गई। इस अनोखी ठगी ने साइबर सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली विकासनगर क्षेत्र के बाड़वाला गांव निवासी विजय पुन पुत्र कमान सिंह ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि उनके बैंक खाते से 9 जुलाई की रात अज्ञात साइबर ठगों ने ₹2,09,921 की राशि निकाल ली। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि ठगी से पहले उन्हें न तो किसी अज्ञात व्यक्ति का फोन आया, न कोई मैसेज मिला और न ही किसी प्रकार का लिंक भेजा गया।
पीड़ित का कहना है कि उन्होंने किसी को बैंक संबंधी जानकारी साझा नहीं की और न ही किसी लिंक पर क्लिक किया। इसके बावजूद उनके खाते से पूरी रकम साफ हो गई। ऐसे में यह मामला साइबर अपराध के एक नए और बेहद चिंताजनक तरीके की ओर इशारा करता है।
शिकायत के आधार पर कोतवाली विकासनगर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आखिर बिना किसी प्रत्यक्ष संपर्क के साइबर ठगों ने बैंक खाते तक कैसे पहुंच बनाई।
कोतवाल राजीव रौथाण ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। बैंक ट्रांजेक्शन, तकनीकी साक्ष्यों और साइबर विशेषज्ञों की मदद से यह पता लगाया जाएगा कि ठगी किस माध्यम से की गई और इसमें कौन लोग शामिल हैं।
यह घटना लोगों के लिए भी एक बड़ी चेतावनी है कि केवल कॉल, मैसेज या फर्जी लिंक से ही नहीं, बल्कि साइबर अपराधी अन्य तकनीकी तरीकों से भी बैंक खातों को निशाना बना सकते हैं। ऐसे मामलों में खाते की गतिविधियों पर नियमित नजर रखना, किसी भी संदिग्ध ट्रांजेक्शन की तुरंत बैंक और साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करना बेहद जरूरी है।
