DEHRADUNFRAUDUttarakhandUttarakhandउत्तराखंडब्रेकिंगराज्य

देहरादून में नकली दवाइयों की फैक्टरी का भंडाफोड़, दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज

देहरादून: राजधानी के वसंत विहार क्षेत्र में नकली दवाइयों के निर्माण और पैकिंग का बड़ा मामला सामने आया है। संयुक्त कार्रवाई में नकली दवाइयों की फैक्टरी का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। अधिकारियों का कहना है कि जब्त की गई दवाइयों की जांच रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बुधवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड औषधि निरीक्षकों और पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। यह छापेमारी लखनऊ के अमीनाबाद थाने में दर्ज नकली दवाइयों के एक मामले की जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर की गई।

जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपी राजेंद्र सिंह उर्फ अरुण टुंडा ने पूछताछ में खुलासा किया कि वह नकली दवाइयां हरिद्वार निवासी गौरव त्यागी और विपिन भटनागर से खरीदकर बाजार में सप्लाई करता था। आरोपी की निशानदेही पर संयुक्त टीम ने देवीपुर, न्यू हाईवे रोड, ईस्ट होपटाउन स्थित एक परिसर में छापा मारा, जहां नकली दवाइयों के निर्माण और पैकिंग का पूरा सेटअप संचालित होता मिला।

छापेमारी के दौरान टीम ने मौके से बड़ी मात्रा में संदिग्ध दवाइयां, पैकिंग सामग्री, लेबल और निर्माण में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है।

पुलिस ने गौरव त्यागी और विपिन भटनागर के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। अधिकारियों के अनुसार, लैब रिपोर्ट आने के बाद आरोपियों पर औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम सहित अन्य संबंधित कानूनों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि नकली दवाइयों का नेटवर्क किन-किन राज्यों तक फैला हुआ है और इनकी सप्लाई किन बाजारों में की जा रही थी।

प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि दवाइयां केवल अधिकृत मेडिकल स्टोर से ही खरीदें और किसी भी संदिग्ध दवा या गतिविधि की सूचना तुरंत संबंधित विभाग या पुलिस को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *