DEHRADUNUttarakhandUttarakhandअन्यउत्तराखंडदुनियाब्रेकिंगराज्य

सीएम धामी ने एक क्लिक से 9.91 लाख लाभार्थियों को जारी की सामाजिक सुरक्षा पेंशन, खातों में पहुंचे ₹147.05 करोड़

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों के लिए अगस्त 2026 की पेंशन किस्त का वन-क्लिक के माध्यम से भुगतान किया। इस दौरान राज्य के 9 लाख 91 हजार 914 लाभार्थियों के बैंक खातों में कुल ₹147 करोड़ 05 लाख 51 हजार की पेंशन राशि भेजी गई।

5,605 नए लाभार्थियों की पेंशन स्वीकृत

अगस्त माह में विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत 5,605 नए लाभार्थियों की पेंशन भी स्वीकृत की गई है। इनमें वृद्धावस्था पेंशन के 3,945, विधवा पेंशन के 1,000, दिव्यांग पेंशन के 416, किसान पेंशन के 106, परित्यक्ता पेंशन के 23 और भरण-पोषण अनुदान के 115 लाभार्थी शामिल हैं।

कमजोर वर्गों को सामाजिक सुरक्षा देना सरकार की प्राथमिकता

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि समाज के कमजोर, जरूरतमंद और वंचित वर्गों को सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से मिले।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेंशन योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली व्यावहारिक समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान किया जाए और पात्र लाभार्थियों को किसी भी तरह की परेशानी न हो।

आधार नहीं बनने पर अकाउंट बेस्ड पेमेंट की व्यवस्था

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन पात्र लाभार्थियों का किसी कारणवश आधार नहीं बन पा रहा है, उन्हें चिन्हित किया जाए। ऐसे लाभार्थियों के लिए अकाउंट बेस्ड पेमेंट की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आधार संबंधी समस्या के कारण कोई भी पात्र व्यक्ति पेंशन के लाभ से वंचित न रहे।

राज्यांश ₹140.11 करोड़ और केंद्रांश ₹6.94 करोड़

प्रस्तुतीकरण के दौरान बताया गया कि अगस्त 2026 में वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग, किसान, परित्यक्ता, भरण-पोषण अनुदान, तीलू रौतेली और बौना पेंशन योजनाओं के कुल 9,91,914 लाभार्थियों के लिए ₹147 करोड़ 05 लाख 51 हजार की धनराशि निर्धारित की गई है।

इनमें 2,14,711 लाभार्थी राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम (NSAP) के अंतर्गत और 7,77,203 लाभार्थी राज्य स्तर पर आच्छादित हैं। अगस्त माह के भुगतान में करीब ₹140.11 करोड़ राज्यांश और ₹6.94 करोड़ केंद्रांश शामिल है।

सितंबर में राष्ट्रीय विभागीय शिखर सम्मेलन

बैठक में आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी जानकारी दी गई। बताया गया कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, भारत सरकार की ओर से 18 और 19 सितंबर 2026 को नई दिल्ली स्थित डॉ. अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र में दो दिवसीय राष्ट्रीय विभागीय शिखर सम्मेलन प्रस्तावित है। सम्मेलन में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता से जुड़ी प्रमुख प्राथमिकताओं पर केंद्र, राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के बीच संवाद होगा।

इस अवसर पर समाज कल्याण मंत्री खजानदास, सचिव समाज कल्याण डॉ. श्रीधर बाबू अद्दांकी, अपर सचिव विक्रम यादव, संयुक्त सचिव धीरेंद्र सिंह, संयुक्त निदेशक गीताराम नौटियाल, सहायक निदेशक हेमलता पांडेय समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *