उत्तर प्रदेश

करवाचौथ के दिन पत्नी और बेटी को घर से निकाला, बेटा न होने और दहेज कम मिलने पर पत्थर से मारा

हापुड़ में एक विवाहिता ने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। लग्जरी कार के लिए 13 लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर उसे प्रताड़ित किया गया।

केशव त्यागी, हापुड़। लग्जरी कार खरीदने के लिए 13 लाख रुपये की मांग पूरी नहीं हुई, तो विवाहिता को प्रताड़ना का सामना करना पड़ा।

आरोप है कि पति ने उसके साथ मारपीट की, गला दबाया और नवजात बेटी को गोद में लिए खड़ी विवाहिता पर ईंटें व भारी गमले फेंके।

पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट 

इतना ही नहीं, विवाहिता को बेटी के साथ रातभर कमरे में बंद रखने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। पीड़िता की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने पति समेत ससुराल पक्ष के सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

श्रीनगर की निवासी हनी गोयल ने बताया कि उसका विवाह 11 दिसंबर 2024 को उत्तराखंड के हरिद्वार के रुड़की स्थित सिविल लाइंस जादूगर के नमन सिंघल के साथ हुआ था। शादी में उसके स्वजन ने करीब 75 लाख रुपये खर्च किए थे।

इसके बावजूद ससुराल पक्ष के लोग कम दहेज लाने के ताने देते थे। आरोप है कि शादी में मिले सोने के आभूषण भी ससुराल पक्ष के लोगों ने अपने कब्जे में रख लिए और समय-समय पर अतिरिक्त नकदी व महंगी वस्तुओं की मांग की जाती रही।

गर्भावस्था के दौरान भी पति करता था मारपीट

गर्भावस्था के दौरान भी पति ने उसके साथ मारपीट और जबरन शारीरिक संबंध बनाए। 20 दिसंबर 2025 को बेटी के जन्म के बाद भी प्रताड़ना बंद नहीं हुई। आरोप है कि ससुराल पक्ष ने बेटी के जन्म पर नाराजगी जताई और बेटे को जन्म न देने के ताने दिए।

नवजात की देखभाल और इलाज का खर्च भी उसे स्वयं उठाना पड़ा। तीन जुलाई 2026 को लग्जरी कार खरीदने के लिए पति और ससुराल पक्ष के लोगों ने करीब 13 लाख रुपये देने का दबाव बनाया। विरोध करने पर उसके साथ दुर्व्यवहार किया गया।

जांच में जुटी पुलिस

आरोप है कि 27 अगस्त की रात पति ने उसका मोबाइल छीनकर मारपीट की और उसे नवजात बेटी समेत दूसरी मंजिल के कमरे में बंद कर दिया। अगले दिन पर उस पर ईंटें और भारी गमले फेंके और दोनों को गोली मारने की धमकी दी।

इसके बाद विवाहिता बेटी के साथ मायके लौट आई। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति नमन सिंघल, सास ममता सिंघल, ससुर शिव कुमार सिंघल, चाचा ससुर संजीव सिंघल और दोनों ननदों समेत सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *