Bharat Jodo Nyay Yatra: असम से बंगाल में दाखिल हुई भारत जोड़ो न्याय यात्रा

राहुल गांधी के नेतृत्व वाली ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ गुरुवार को पश्चिम बंगाल में प्रवेश कर गई और कांग्रेस नेता ने विश्वास जताया कि विपक्षी दल देशभर में अन्याय के खिलाफ लड़ेगा। भाजपा और आरएसएस पर नफरत और हिंसा फैलाने का आरोप लगाते हुए गांधी ने कहा कि यात्रा के साथ ‘न्याय’ शब्द जोड़ा गया है क्योंकि ‘पूरे देश में अन्याय व्याप्त है।’
राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा गुरुवार को असम के धुबरी से आगे बढ़ी। असम में यात्रा का आज आखिरी दिन है। मंगलवार को गुवाहाटी में पुलिस से हुई कांग्रेस कार्यकर्ताओं की झड़प और राहुल गांधी पर एफआईआर के खिलाफ कांग्रेस नेताओं ने तीखा हमला बोला है। कांग्रेस सांसद अब्दुल खालेक ने कहा कि ‘अगर उनमें (हिमंत बिस्व सरमा) हिम्मत है तो गिरफ्तार करके दिखाएं। अभी करके दिखाएं। लोकसभा चुनाव के बाद क्यों गिरफ्तार करना है। वह पुलिस को अपने फायदे के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं।’
कांग्रेस नेता गौरव गोगोई ने कहा ‘उन्हें एफआईआर करने दीजिए। हम अपनी यात्रा जारी रखेंगे। उन्हें देश को धर्म और भाषा के आधार पर बांटने दीजिए। हम देश को भारत जोड़ो न्याय यात्रा के जरिए साथ लाते रहेंगे। वह (असम सीएम) सबसे भ्रष्ट सीएम हैं और उनसे यही सब कहे जाने की उम्मीद है।’
