उत्तर प्रदेश

Bharat Jodo Nyay Yatra: प्रियंका गांधी आज चंदौली की न्याय यात्रा में नहीं होंगी शामिल, कल आएंगी बनारस

कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा 16 फरवरी को चंदौली के रास्ते उत्तर प्रदेश में प्रवेश करेगी। कांग्रेस नेताओं ने चंदौली, वाराणसी और भदोही में तैयारियों को अंतिम रूप दिया और देर रात तक जनसंपर्क अभियान भी चलता रहा। वहीं राहुल गांधी की चंदौली में होने वाली आज की सभा में प्रियंका गांधी नहीं शामिल होंगी। प्रियंका गांधी कल वाराणसी में होने वाले राहुल गांधी के रोडशो में शामिल होंगी।

कांग्रेस महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने बताया कि फ्लाइट में देरी के कारण प्रियंका गांधी का प्रोग्राम अचानक बदला है। अब वह शनिवार को बनारस आएंगी। 

कांग्रेस नेताओं का दावा है कि बनारस की यात्रा में जनता की भीड़ दो से ढाई लाख के बीच रहेगी। कल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अविनाश पांडेय और कांग्रेस नेता पीएल पुनिया बनारस पहुंचे। उन्होंने चंदौली, भदोही और वाराणसी में भारत जोड़ो न्याय यात्रा की तैयारियों का जायजा लिया। अविनाश पांडेय ने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में हर वर्ग के लोग शामिल हो रहे हैं। इस यात्रा से प्रदेश की राजनीति को नया मोड़ मिलेगा। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने बताया कि इंडिया गठबंधन से सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य बनारस में यात्रा में शामिल होंगे। बाबा विश्वनाथ के दर्शन करने के बाद राहुल गांधी गोदौलिया चौराहे पर जनता को संबोधित भी करेंगे।

बनारस में भारत जोड़ो न्याय यात्रा के लिए कांग्रेस के सभी फ्रंटल संगठनों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। शहर से लेकर गांव तक कांग्रेस नेता जनसंपर्क करके आम जनता को इस न्याय यात्रा में शामिल होने के लिए आमंत्रित कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *