Crime in Delhi : संगम विहार में बाइक छूने पर युवक की हत्या

संगम विहार में मामूली रूप से बाइक छूने पर 17 साल के किशोर ने मंगलवार रात अजरुद्दीन (30) की चाकू से पांच वार कर हत्या कर दी। नेबसराय थाना पुलिस ने 100 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर आरोपी को पकड़ लिया।
दक्षिण जिला पुलिस उपायुक्त अंकित चौहान ने बताया कि बुधवार सुबह 6:15 बजे एक युवक के एकता चौक, अस्थल मंदिर रोड पर घायलावस्था में पड़े होने की सूचना मिली थी। पीसीआर कर्मियों ने घायल अजरुद्दीन को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शरीर पर चाकू के पांच घाव थे। मूलरूप से देहरा, सियाना, बुलंदशहर निवासी अजरुद्दीन एल-1, संगम विहार में रहता था। हत्या का मामला दर्ज कर नेबसराय थानाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह राणा की देखरेख में इंस्पेक्टर मंजीत, एसआई अजीत, हवलदार विक्रम यादव व समुंद्र की टीम ने जांच शुरू की। विक्रम यादव ने इलाके में 100 से ज्यादा सीसीटीवी की फुटेज खंगाली। इसके बाद आरोपी की पहचान कर दबोच लिया गया।
एक सप्ताह पहले अजरुद्दीन की बाइक आरोपी से छू गई थी। इस पर नाबालिग व दो साथियों ने अजरुद्दीन को धमका दिया था। मंगलवार रात को अजरुद्दीन कहीं जा रहा था, तभी उसे नाबालिग दिख गया। पुराने झगड़े को लेकर अजरुद्दीन उसे गाली देने लगा। इसके बाद अजरुद्दीन ने तौलिए में ईंट बांधकर नाबालिग के पैरों में कई वार कर दिए। इसके बाद अजरुद्दीन वहां से चला गया। बदला लेने के लिए नाबालिग वहां खड़ी थार के पीछे छिप गया। जैसे ही अजरुद्दीन वहां से निकलने लगा तो नाबालिग ने चाकू से हमला कर हत्या कर दी। वारदात के समय दोनों शराब के नशे में थे।
