उत्तराखंडक्राइम

 Fraud in Haridwar : हज यात्रा के नाम पर 40 लाख ठगने का आरोपी केरल से गिरफ्तार

हज यात्रा कराने के नाम पर करीब 40 लाख रुपये ठगने के मामले में चार साल से फरार आरोपी को ज्वालापुर पुलिस ने केरल से गिरफ्तार कर लिया। ट्रांजिट रिमांड पर पुलिस आरोपी को लेकर हरिद्वार पहुंची। यहां उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

कोतवाली प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि शौकीन अहमद निवासी मोहल्ला कैथवाड़ा ने 24 नवंबर 2020 को शाहजमाल, सैयद आरिफ व शमनंद आदि के खिलाफ 39 लाख 49 हजार रुपये हड़पने और रकम मांगने पर धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया था। शिकायत में बताया था कि वह लोगों को हज यात्रा कराने के लिए काम करता है। साल 2020 में यात्रियों की हज के लिए बुकिंग कराने के बाद टूर कंपनी को भेज दी थी। मगर कंपनी ने जायरीनों को हज यात्रा पर ही नहीं भेजा। उनकी रकम ठग ली गई।

कोतवाल ने बताया कि मामले में चार साल से फरार चल रहे आरोपी शमनंद बाबू निवासी पच्छाटिरी थाना तिरुर जिला मलापुरम केरल के कोर्ट से गैर जमानती वारंट जारी किए गए थे। इस पर टीम को केरल भेजा गया। जहां दबिश देते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। ट्रांजिट रिमांड पर उसे हरिद्वार लाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *