बिहार

Land For Job Case: ED दफ्तर पहुंचे तेजस्वी यादव, ऑफिस के बाहर कार्यकर्ताओं का समर्थन में नारेबाजी

नौकरी के बदले जमीन घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के सवालों का जवाब देने के लिए पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव पहुंचे चुके हैं। तेजस्वी यादव अपने आवास से सीधा ईडी के दफ्तर पहुंचे। यहां राजद समर्थकों ने उनकी गाड़ी को घेर लिया और उनके समर्थन में नारेबाजी करने लगे। काफी मशक्कत के बाद तेजस्वी यादव ईडी के दफ्तर पहुंचे। तेजस्वी नौकरी के बदले जमीन घोटला मामले में ईडी के सवालों का जवाब देंगे। कहा जा रहा है ईडी की टीम ने 60 से अधिक सवालों की लिस्ट तैयार की है। 

तेजस्वी ईडी ऑफिस पहुंचे इसके पहले राज्यसभा सदस्य और राजद के राष्ट्रीय प्रवक्ता मनोज झा ने जांच एजेंसियों की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। प्रवर्तन निदेशालय ने 19 जनवरी को ही लालू प्रसाद और तेजस्वी यादव को जमीन के बदले नौकरी प्रकरण में पूछताछ के लिए समन भेजा था।

तेजस्वी यादव को 30 जनवरी के दिन ईडी दफ्तर बुलाया गया था। जिसके बाद आज सुबह करीब 11:00 बजे तेजस्वी यादव ईडी दफ्तर के लिए आवास से रवाना हुए और पटना में अलग-अलग मार्गो से होते हुए वह करीब साढ़े 11 बजे बैंक रोड स्थित ईडी दफ्तर पहुंचे।

इससे पहले इस दफ्तर में राजद कार्यकर्ताओं का हुजूम उमड़ना शुरू हो गया था। तेजस्वी से पूछताछ के पूर्व राजद के राज्यसभा सांसद मनोज झा ने लालू यादव से हुई प्रवर्त्तन निदेशालय की पूछताछ पर केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया है।

मनोज झा ने कहा कि ईडी सबकी तलाश करेगा। कल लालू प्रसाद यादव के साथ क्या हुआ और आज तेजस्वी यादव के साथ क्या हो रहा है। महाराष्ट्र और तमिलनाडु में भी ऐसे ही हालात चल रहे हैं। विपक्ष को इस तथ्य को स्वीकार करने की जरूरत है कि उन्हें चुनाव भी लड़ना है और इन एजेंसियों का सामना भी करना है।

राजद नेता मनोज झा ने विपक्षी दलों को आगाह किया है कि अगर लोकसभा चुनाव में भाजपा का सामना करना है तो उसके पहले उन्हें केंद्रीय जांच एजेंसियों से भी जूझना होगा। बिना इसके वे भाजपा के साथ मुकाबला नहीं कर सकते है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *